पटियाला के गांव सिद्धूवाल स्थित राजीव गांधी नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में कोरोना का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। बुधवार को यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों और फैकेल्टी मेंबरों के लिए 550 सैंपलों की जांच में गुरुवार को 61 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी विद्यार्थी हैं। इससे अब यहां कुल संक्रमितों की गिनती बढ़कर 122 हो गई है।
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को 10 मई तक हॉस्टल खाली कराने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही यूनिवर्सिटी की तरफ से भी ऑफलाइन टर्म एग्जाम को स्थगित कर दिया गया है। मैनेजमेंट के मुताबिक स्थिति सामान्य होने के बाद नई डेटशीट जारी की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले यूनिवर्सिटी में 61 कोरोना पॉजिटिव केस पाए जा चुके हैं और यह भी सभी विद्यार्थी ही हैं। हालांकि गनीमत यह है कि इनमें से ज्यादातर में कोरोना के बेहद हल्के लक्षण पाए गए हैं। इन्हें हल्के बुखार के साथ खांसी व जुकाम है, जबकि बाकी में कोरोना के कोई लक्षण ही नहीं पाए गए हैं। इन सभी को यूनिवर्सिटी में अलग से रखकर उपचार दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी में जिन विद्यार्थियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, उनकी जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भी सैंपल भेजे जा चुके हैं। रिपोर्ट आने पर ही वैरिएंट बारे कुछ कहा जा सकेगा।
सेहत विभाग के जिला एपिडिमोलोजिस्ट डॉ. सुमित सिंह ने बताया कि अब तक यूनिवर्सिटी कैंपस से करीब 1000 सैंपल कोविड जांच को लिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी में कोरोना आगे न फैल सके, इसके लिए पूरे एहतियात बरते जा रहे हैं। इसके तहत यूनिवर्सिटी को सील करके इसे कंटेनमेंट जोन घोषित किया जा चुका है। डा. सुमित सिंह ने बताया कि सभी कोरोना पॉजिटिव विद्यार्थी ठीक हैं। किसी को भी अस्पताल में दाखिल कराने की जरूरत नहीं पड़ी है। यूनिवर्सिटी में ही अलग से आइसोलेट करके उनका इलाज किया जा रहा है।