राजपुरा। घनौर पुलिस ने अन्य राज्यों से पंजाब में बिकने के लिये आये धान की 500 बोरियां बरामद की हैं। ये धान ट्रक से लाकर बोगस बिलों द्वारा सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के अरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सहायक फूड सप्लाई अधिकारी घनौर वरिंदर कौर की शिकायत पर बठिंडा निवासी ट्रक चालक शिंदरपाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता सहायक फूड सप्लाई अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अन्य प्रदेशों से आने वाले धान की रोकथाम के लिये पुलिस व मार्केट कमेटी ने गांव बघोरा के पास संयुक्त नाका लगाया हुआ था।
वहां से गुजर रहे एक ट्रक को पुलिस व कमेटी के अधिकारियों ने रोक कर जांच की तो ट्रक से पुलिस को 500 बोरी धान बरामद हुआ। जिसके बारे में पूछताछ करने पर ट्रक चालक पक्का बिल नहीं दिखा सका। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि ट्रक अम्बाला के रास्ते पंजाब में दाखिल हुआ था।
इस धान को राइस मिल व मंडी में उतार कर बोगस बिलों के जरिये पंजाब सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जाना था। पुलिस ने धान की बोरियों को कब्जे में लेकर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।