दसूया में जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरना साहिब में पैदल जा रहे मां और दो बेटों को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बेेटे की मौत हो गई जबकि मां व दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। गुस्साए परिवार ने दो घंटे तक राजमार्ग जाम रखा। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम खोला गया।
जानकारी के अनुसार, परमजीत कौर अपने दो बेटों सुखिंदर सिंह और रविंदर सिंह के साथ विधवा पेंशन लेने व राशन कार्ड की केवाईसी के लिए सरपंच के घर जा रही थी। इसी दौरान बस ने तीनों को टक्कर मार दी। सुखिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परमजीत कौर और रविंदर सिंह घायल हो गए। उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज अमृतसर रेफर कर दिया गया। बस का चालक बस को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।