जीरकपुर। शहर में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मानसून के दौरान थोड़ी सी बारिश से भी जलभराव हो जाता है। शहर के विभिन्न रिहायशी इलाकों में पानी भर जाने से जहां आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर सड़कों पर जलभराव के कारण हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।
आज सुबह हुई तेज बारिश से शहर में कई जगह पानी भर गया। इस बीच बलटाना, लोहगढ़, ढकोली, पीरमुछल्ला समेत अन्य इलाकों की सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया। शहर के नालों की सफाई नहीं होने से सड़कों और गलियों में पानी भर गया है, जिससे आम लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा हर बार की तरह इस बार भी शहर से गुजरने वाले चंडीगढ़-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग, जीरकपुर-पटियाला और पंचकूला की ओर से जाती सड़कों पर भी जलभराव होने के कारण जाम लग गया। इससे शहर की सड़कें घंटों जाम रहीं। सड़कों पर जलभराव के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई और जल्द ही फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे की सड़कें जाम हो गईं। कई दोपहिया और चार पहिया वाहन पानी में फंस गए।
शहरवासियों ने अपना विरोध जताते हुए कहा कि राजनीतिक नेता शहर के विकास के लिए बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन शहर में जल निकासी एक बड़ी समस्या बन गई है। लोगों ने कहा कि चंडीगढ़ बॉर्डर पर ओवरपास बनने और मैकडोनाल्ड चौक व सिंहपुरा चौक पर ओवरब्रिज बनने से शहर पहले से ही जाम है। बारिश के कारण जाम ओर ज्यादा बढ़ गया है।
पानी की निकासी न होने के कारण भरा पानी
बारिश के कारण जीरकपुर की पटियाला रोड, शिवालिक विहार, वीआईपी रोड से सिंघपुरा रोड, वीआईपी रोड की मोटर मार्केट, लोहगढ़ स्कूल, सरकारी स्कूल सिंघपुरा, गाजीपुर अंडरपाथ के बाहर पानी रुकने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के कारण जगह-जगह पानी भर गया। वीआईपी रोड पर मार्केट में ओर आगे जाकर मोटर मार्केट में पानी की निकासी न होने के कारण पानी मार्केट की दुकानों तक आ गया, इससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शिवालिक विहार में सड़क पर पानी आ जाने के कारण लोगों को आने जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। ऐसी ही हालत लोहगढ़ रोड पर बने सरकारी स्कूल की थी, यहां भी पानी की निकासी न होने के कारण बच्चों को गंदे पानी से स्कूल में जाना पड़ा। गाजीपुर अंडरपाथ में पानी की निकासी न होने के कारण लोगों के वाहन पानी में फंस गए, जिसे वहां मौजूद गांव वालों ने बाहर निकाला।
कोट्स
शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए बड़े पाइप डालकर लाइन बिछाई गई है। अभी सड़कों पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बाद इस समस्या का समाधान हो जाएगा। -उदयवीर सिंह ढिल्लों, अध्यक्ष नगर काउंसिल, जीरकपुर।