जीरकपुर। अंबाला-कालका रेलवे लाइन पर एक ट्रेन की चपेट में आकर वीरवार की रात एक दिहाड़दार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय दिनेश निवासी मूलरूप यूपी, हाल निवासी गांव ढकोला के रूप में हुई है।
घग्गर रेलवे पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि वीरवार की रात सवा 10 बजे सूचना मिली थी कि ढकोली फाटकों के नजदीक रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान न होने पर उसका शव सिविल अस्पताल डेराबस्सी की मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह मृतक की पहचान हो गई। मृतक की विधवा माता ने शव की पहचान की है। पुलिस ने बताया कि मृतक की माता ने बताया कि उसका अविवाहित बेटा दिहाड़ी करता था। वीरवार शाम वह घर से गया था। रेलवे लाइन पार करते हुए अचानक हादसा हो गया। मृतक विधवा माता के साथ गांव ढकोला में स्थित झुग्गी झौंपड़ियों में रहता था। रेलवे पुलिस ने मृतक की माता के बयान पर शव का पोस्टमार्टम करवा उन्हें सौंप दिया है।