खरड़। शहर के एक थाने में कुछ महिलाओं ने महिला पुलिस मुलाजिम से मारपीट कर उसके हाथ पर काटकर जख्मी कर दिया। जख्मी महिला पुलिस मुलाजिम की शिकायत पर थाना खरड़ में आरोपी चार महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान नेहा सिंह, प्रीत पोंटी, बलजिंदर कौर और बेबी सिंह निवासी खरड़ के रूप में हुई है।
महिला पुलिस मुलाजिम मनदीप कौर ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह थाना सिटी में तैनात हैं और शाम 8 बजे आरोपी चारों महिलाएं थाने में आई और ऊंची आवाज में शोर मचाने लगी। जब उन्होंने उक्त महिलाओं को ऐसा करने से रोका तो चारों उससे उलझ गई। इस दौरान उन्होंने उसे धक्के मारने शुरू कर दिए और फिर उसे थप्पड़ तक मारे। एक आरोपी महिला ने उसके दाएं हाथ का अंगूठा अपने मुंह में डाल लिया और उस पर दांत से काट दिया। इस दौरान उसके हाथ से खून बहना शुरू हो गया था। पुलिस ने आरोपी महिलाओं पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और हमला कर जख्मी करने के आरोप में केस दर्ज किया है।