बेटी को भेजना चाहती थी विदेश
आरोपी बोला, क्लीयर करवा दूंगा इंटरव्यू
संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। अमेरिका भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने आरोप में खरड़ निवासी एक महिला की शिकायत पर खरड़ सिटी पुलिस ने परमिंदर सिंह उर्फ रवि सरपंच लहरा संगरूर के खिलाफ धोखाधड़ी की अलग अलग धाराओं के अधीन मामला दर्ज किया है।
धोखाधड़ी की शिकार महिला ने 2022 में दी शिकायत में कहा है कि वह मार्च 2022 में सोशल मीडिया पर रवि सरपंच नाम की प्रोफाइल आईडी के जरिये परमिंदर सिंह के संपर्क में आई थी, क्योंकि वह अपनी बेटी का अमेरिका भेजना चाहती थी। परमिंदर सिंह ने वादा किया था कि वह उसकी बेटी को अमेरिका का वीजा, टिकट, बोर्डिंग पास और यूएसए एंबेसी से इंटरव्यू क्लीयर करवा देगा, इसके बदले में परमिंदर सिंह ने 7.50 लाख रुपये की मांग की। परमिंदर सिंह की बातों पर विश्वास करके उसने अपनी बेटी को अमेरिका भेजने के लिए आरोपी की ओर से दिए गए बैंक खातों में मई, जून तथा अगस्त महीने में रकम ट्रांसफर कर दी थी।
इसके बाद आरोपी ने न तो उसकी बेटी का अमेरिका का वीजा लगवाया और न ही उसके पैसे वापस किए। शिकायत के आधार पर खरड़ सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को दिए सभी दस्तावेज- शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने आरोपी को सभी दस्तावेज दे दिए, जिसके बाद वह उन्हें चंडीगढ़ स्थित एंबेसी के दफ्तर ले गया, जहां आरोपी उसकी बेटी को लेकर अंदर चला गया। आरोपी उसकी बेटी को दफ्तर में बैठाकर एक कमरे में चला गया और वापस आकर कहने लगा कि दोबारा आना पड़ेगा। इसके बाद आरोपी ने उनसे 7.50 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।