खरड़। न्यू सन्नी एनक्लेव सेक्टर-123 डोम सिटी-1 में एक निर्माणाधीन शोरूम की इमारत अचानक गिर गई। इस घटना में कोई जानी नुकसान होने से बच गया। इस घटना के तीन दिन बाद भी इसकी जानकारी न तो नगर काउंसिल खरड़ को है और न ही संबधित थाने की पुलिस को। बताया जा रहा है कि इस घटना में तीन मजदूर भी घायल हुए हैं, लेकिन वे कहां उपचाराधीन हैं अभी इसका पता नहीं लगा है। जबकि इमारत गिरने के सबूतों को खत्म करने की कोशिश की जा रही थी। इससे लगता है कि इस इमारत के निर्माण संबंधी मामले में दाल में कुछ काला जरूर है। सूचना मिलने पर नगर काउंसिल के अधिकारी इस घटना के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक जिस जगह पर शोरूम की इमारत का निर्माण किया जा रहा था, यह जगह नगर काउंसिल की ओर से अप्रूव ही नहीं है। लेकिन संबंधित बिल्डर ने इस सोसाइटी को पास करवाने के लिए नगर काउंसिल में आवेदन किया हुआ है जो अभी तक मंजूर नहीं हुआ।
इसकी जानकारी मिलते ही नगर काउंसिल खरड़ के कार्यकारी अधिकारी राजेश शर्मा ने तुरंत बिल्डिंग इंस्पेक्टर को मौके पर भेजकर हालातों का जायजा लेने के आदेश दिए हैं। बिल्डिंग इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने मौके पर जायजा लेकर शोरूम मालिक को इमारत के सभी कागजात पेश करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एसएचओ सदर इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई भी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।