मोहाली। एक्टिवा पर घर जा रहे शख्स से बाइक सवार लुटेरे साढ़े तीन लाख रुपये से भरा बैग लूटकर ले गए। उसे घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना एयरपोर्ट रोड पर औद्योगिक क्षेत्र फेज आठ के अंतर्गत हुई। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित की जेब से एक लाख 88 हजार 500 रुपये बरामद हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, चेतन कौशल सोहाना में वेस्टर्न यूनियन का काम करते हैं। रात को वह अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे था। राधा स्वामी चौक के पास पहुंचे तो अचानक बाइक पर सवार दो युवक आए और एक्टिवा को टक्कर मार दी।
इससे वह गिर गया और लुटेरे उसका बैग लेकर फरार हो गए। बैग में साढ़े तीन लाख रुपये थे। उसकी जेब से बरामद हुए पौने दो लाख रुपये अलग हैं। पुलिस दुकान से लेकर घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। चेतन के पूर्व पार्षद मामा आरपी शर्मा का कहना है कि पुलिस को अतिशीघ्र लुटेरों का पता लगाना चाहिए।