जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र के सैनी विहार फेस 1 में ट्यूबवेल खराब होने से लोग पिछले तीन दिन से परेशान हैं। अभी नया ट्यूबवेल लगने में करीब 1 से डेढ़ महीने का समय लगेगा। पानी के लिए लोगों में हाहाकार मचा हुआ है।
हालांकि नगर काउंसिल जीरकपुर की ओर से पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन पानी की आपूर्ति नही हो पा रही। वहीं दूसरी ओर लोग खुद पानी के टैंकर खरीद अपना काम चला रहे हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के युवा मेंबरों द्वारा भी पानी के टैंकर भेजकर लोगों की मदद की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि जो पानी के टैंकर काउंसिल द्वारा भेजे जा रहे हैं वह पानी पीने लायक नहीं है। लोग पीने के पानी के लिए फिल्टर पानी अलग से खरीद कर ले रहे हैं। लोगों ने बताया कि यह ट्यूबवेल काफी पुराना था और 250 फीट गहरा था। इस कारण पानी का स्तर गिर गया है। लोगों ने काउंसिल से इस समस्या का जल्द हल करने की गुहार लगाई है।
रोजाना 150 से ज्यादा टैंकर भी नहीं कर पा रहे पानी की आपूर्ति
पिछले तीन से पानी की समस्या आ रही है। लोगों के इस्तेमाल के लिए रोजाना 150 से ज्यादा टैंकरों से पानी सप्लाई किया जा रहा है। फिर भी पानी की कमी महसूस हो रही है। लोग अपने पैसों से पानी के टैंकर मंगवाकर काम चला रहे हैं। स्थानीय निवासी शितिज और प्रदीप कुमार ने बताया कि हम नौकरी पेशा लोग हैं हमारे पास इतना टाइम नहीं है कि हम लाइन में लगकर पानी ले सकें। इसलिए वह रोजाना 500 रुपये टैंकर के हिसाब से पानी खरीद कर अपना काम चला रहे हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं की वह पानी के टैंकर खरीदने में असमर्थ हैं। वह काउंसिल द्वारा भेजे गए पानी पर ही गुजारा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सुबह 7 बजे से ही पानी के इंतजार में बर्तन लेकर खड़े हो जाते हैं, तब जाकर पानी मिलता है।
कोट्स...
पहला बोर 250 फीट पर था अब जलस्तर नीचे जाने से यह फेल हो गया है। अब बोर 1100 फीट पर किया जाना है। इसे ठीक करने में करीब एक से डेढ़ महीना लग जाएगा। लोगों की समस्या को देखते हुए बिना देरी किए इसका टेंडर लगा दिया गया है। इस पर करीब 32 लाख का खर्च आएगा। इसका काम एक दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा।
-दमन दविंदर, एसडीओ, वाटर एंड सीवरेज विभाग
कोट्स...
लोगों की समस्या का आधा समाधान कर दिया गया है। पानी का कनेक्शन सैनी विहार फेस 3, आंनद विहार और गिल कॉलोनी से जोड़ दिया गया है ताकि लोगों को समस्या न आए। नया ट्यूबवेल लगाने के लिए टेंडर पास कर एक दो दिन में काम शुरू कर दिया जाएगा। -मुकेश राय, एमई नगर काउंसिल जीरकपुर