संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। खरड़ के गुरु तेग बहादुर नगर में एक युवक ने दिमागी परेशानी के चलते सल्फास की गोलियां खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। जांच अधिकारी एएसआई हरमिंदर सिंह ने बताया कि गुरप्रीत सिंह (42) पुत्र सरूप सिंह निवासी गुरु तेग बहादुर नगर खरड़ चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडुआं में नौकरी करता था और अपने परिवार समेत खरड़ में रह रहा था।
उन्होंने बताया कि वीरवार सुबह वह रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर गया था। दोपहर के समय छुट्टी लेकर वह अपने घर आ गया। घर वापस आने पर जब उसकी मां ने पूछा तो उसने बताया कि उसकी तबीयत खराब है। कुछ समय बाद गुरप्रीत सिंह ने अपनी मां को बताया कि उसने सल्फास की गोलियां निगल ली हैं, जिस पर उसकी मां ने तुरंत घर में ही उसे प्राथमिक चिकित्सा दी।
गुरप्रीत सिंह जब कुछ ठीक हुआ तो वह मोटरसाईकल पर अपनी मां को लेकर सरकारी अस्पताल खरड़ पहुंच गया, जहां उसकी तबीयत खराब होने पर ड्यूटी पर तैनात डाक्टरों ने उसे जीएमसीएच, सेक्टर 32 चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि रास्ते में गुरप्रीत सिंह की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसके परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गये जहां रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतक पैसों के लेन देन को दिमागी तौर पर परेशान रहता था और इसके चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।