खरड़। खरड-बलौंगी हाईवे पर फ्लाईओवर के नीचे का सफर आसान नहीं है। क्योंकि हाईवे अथॉरिटी की ओर से विभिन्न जगह पर रिहायशी सोसायटीज में जाने के लिए रास्ते बना दिए गए हैं। लेकिन वहां पर ट्रैफिक लाइट न होने के कारण वाहन चालक मनमर्जी से चौराहे पार करते हैं और इस कारण हर समय हादसे और ट्रैफिक जाम की दिक्कत रहती है। इस वजह से रोजाना लोगों को जाम में फंसना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत सुबह 8 से लेकर 11 बजे और शाम को 4 से 4 बजे के बीच रहती है। लोगों का कहना है कि नगर काउंसिल या फिर नेशनल हाईवे अथॉरिटी को खुद ट्रैफिक लाइट्स लगाकर इस समस्या से लोगों को छुटकारा दिलाना चाहिए।
जानकारी के मुताबिक बलौंगी से खरड़ तक फ्लाईओवर बनाना गया। इसमें कई जगह जंक्शन बने हुए हैं। जहां पर ट्रैफिक लाइट न होने से हादसों का डर रहता है। सबसे पहल गोपाल स्वीट्स के सामने वाला प्वाइंट है। यहां पर एक तरफ एयरपोर्ट रोड और बलौंगी से ट्रैफिक आता है। जबकि दूसरी तरफ सन्नी एनक्लेव और खरड़ से ट्रैफिक आता है। यहां पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आगे निज्जर चौक की लाइटों पर भी जाम की स्थिति बनती है।
खरड़ से चंडीगढ़ जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ती है। क्योंकि यहां से गुजरने वाली रोड पर वाहनों का अधिक दबाब रहता है। इसके आगे गिलको लाइट प्वाइंट, खरड़ बाजार और आगे झुग्गियां रोड से आने वाला कट है। यहां पर भी रोजाना लोगों को दिक्कत आती है। इसी इलाके में सबसे ज्यादा लावारिस पशु और हाईवे के नीचे अवैैध तरीके से दुकानें लगी होती हैं। इस वजह से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ती है।
मुख्य दो चौक पर लगे लाइट्स
निज्जर चौक और गोपाल स्वीट्स के पास हमेशा जाम लगता है। क्योंकि यहां पर कई सोसायटीज के रास्ते हैं और साथ ही हाईवे भी गुजरता है। यहां पर ट्रैफिक लाइट्स का इंतजाम किया जाना चाहिए। इससे जहां हादसे रुकेंगे, वहीं, जाम की दिक्कत नहीं आएगी। लोगों का सफर भी आसान होगा। - किरत सिंह, निवासी खरड़।
हाईवे के नीचे है एक्सीडेंट प्रोन एरिया भी
फ्लाईओवर के नीचे ट्रैफिक लाइट्स की बहुत जरूरत है। क्योंकि लाइट न होने की वजह से हादसों का डर बना रहता है। इतना ही नहीं इस रोड पर कई जगह एक्सीडेंट प्रोन एरिया भी आते हैं। इस कारण वाहन चालकों के लिए बहुत ज्यादा दिक्कत बढ़ गई है। -नरिंदर सिंह कटवाल, निवासी खरड़।
आने वाला है धुंध का मौसम, प्रशासन करे तैयारी
फ्लाईओवर के किनारे पर ही पूरा खरड़ शहर बसा हुआ है। रोजाना सैकड़ों लोग यहां से आते-जाते हैं। प्रशासन को लोगों की सुविधा के लिए तैयारी करनी चाहिए। क्योंकि आने वाले समय में धुंध पड़नी शुरू हो जाएगी। जिससे लोगों की दिक्कत और बढ़ जाएगी। - इंद्रवीर सिंह निवासी खरड़।
ट्रैफिक लाइटस जरूरी, गुजरते हैं बड़े वाहन भी
खरड़ फ्लाईओवर के नीचे से भी बड़े वाहन ट्रक आदि गुजरते हैं, जिनमें ऊपर तक भारी सामान भरा होता है। ऐसे बहुत से वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन तक नहीं करते हैं। इस रोड पर हुए हादसों में कई लोग अपनी जान तक गंवा चुके हैं। प्रशासन को इस दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए। - मनु शर्मा, निवासी खरड़।