मोहाली। कोरोना महामारी को मात देने के लिए जिला सेहत विभाग ने अब हर घर दस्तक मुहिम शुरू की है। इसके तहत सेहत विभाग की टीमें लोगों के घर-घर जाकर कोरोना टीकाकरण कर रही हैं। लेकिन दूसरा टीका न लगवाने वाले लोग अभी विभाग के लिए मुसीबत बने हुए हैं। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने कहा कि सेहत विभाग की टीमें शहर और गांवों में लोगों के घर जाकर टीकाकरण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मुहिम के पीछे की सोच यहीं है कि कोई भी व्यक्ति टीकाकरण के बिना न रह जाए। साथ ही कोरोना महामारी को मात दी जा सके।
सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने बताया कि अभी भी बड़ी संख्या में लोग कोरोना का दूसरा टीका लगवाने के लिए आगे नहीं आए हैं। ऐसे लोगों को जागरूक करने के लिए सेहत विभाग के मुलाजिम जुटे हुए हैं और वह लोगों को टीके के फायदे बता रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद भी उक्त लोग टीकाकरण के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। सिविल सर्जन ने साफ किया है कि महामारी से बचाव के लिए पूरी तरह टीकाकरण बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि खासकर वह व्यक्ति जिन लोगों ने अभी तक कोरोना टीकाकरण नहीं करवाया है। वह पहल के आधार पर अपना टीकाकरण करवाएं, जिससे इस महामारी को मात दी जा सके। अगर कोई व्यक्ति तय समय में कोरोना टीकाकरण नहीं करवाता है तो पहले लगवाए टीके का असर भी खत्म हो जाता है। जब दोनों टीके लगे होते हैं तो शहर के अंदर कोरोना महामारी से लड़ने की पूरी क्षमता पैदा हो जाती है। उन्होंने बताया कि कोविशील्ड और कोवैक्सीन दवाई के टीके लगाए जा रहे हैं। जबकि स्पूतनिक सिर्फ निजी अस्पतालों में उपलब्ध हैं। इसके अलावा 15 से 18 साल तक के किशोरों, 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण के अलावा 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्ति, फ्रंट लाइन मुलाजिम और सेहत विभाग के मुलाजिमों को बूस्टर डोज लगाई जा रही है। बता दें कि अब तक जिले में कुल 17.65 लाख लोगों का टीकाकरण हुआ है। इनमें से 10.74 लाख को पहला और 7.76 लाख को दूसरा टीका लगा है। जबकि 15083 लोगों ने बूस्टर डोज लगवाई है।
यह लक्षण हैं तो जाएं अस्पताल
सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि कोविड-19 से बचने की जरूरत है। अगर किसी को लगातार खांसी, जुकाम, बुखार आदि मुश्किल हो तो सरकारी सेहत संस्थाओं में जाकर डॉक्टर की सलाह ली जाए और कोविड टेस्ट करवाया जाए। सेहत विभाग के हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क किया जा सकता। वहां पर लोगों को उचित तरीके से गाइड किया जाएगा।