खरड़। स्थानीय आर्य कॉलेज रोड पर स्थित पक्का दरवाजा के सामने 5 अगस्त को कांवड़ यात्रा के बाद स्थानीय मंदिर में पहले कौन जलाभिषेक करेगा, इस बात को लेकर युवकों के दो गुटों में हुए झगड़े में युवक राकेश कुमार पुत्र सुरिंदर कुमार की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि इस हत्याकांड के मुख्य तीन आरोपी फरार चल रहे थे। इन्होंने बुधवार को खरड़ की अदालत में आत्म समर्पण कर दिया।
इस संबंधी थाना सिटी खरड़ के एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने अदालत से आरोपियों को पुलिस रिमांड में भेजने की मांग की थी। इस पर जज ने तीनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में बुधवार को आरोपी दीपांशु सिंगला उर्फ चीकू पुत्र दविंदर कुमार खरड़, माणक अग्रवाल पुत्र श्याम सनेही निवासी पत्थरां वाला खूह खरड़ और राजेश कुमार पुत्र श्रवण निवासी खरड़ ने अदालत में आत्म समर्पण किया है। इस हत्याकांड के मामले में नामजद पांच आरोपियों राहुल पुत्र दविंदर सिंह निवासी खरड़, गोपाल कृष्ण, माधव गुप्ता, सुमन शर्मा और किरण बाला को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।