नयागांव। इलाके में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला एक चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उससे पूछताछ में उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ी की दुकान से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्की निवासी नयागांव के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक शिवालिक विहार में 26 नवंबर को एक मकान में रह रहे किराएदार के घर में चोरी हो गई थी। पीड़ित किराएदार अशोक कुमार ने इसकी शिकायत पुलिस को दी शिकायत थी। पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी चोर को पकड़ लिया और उससे पूछताछ करने पर सामने आया कि उसने चोरी का सामान एक कबाड़ी की दुकान पर बेच दिया है। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी की दुकान पर छापा मारकर चोरी का सामान बरामद कर लिया और साथ ही कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान काका सिंह निवासी मनीमाजरा के रूप में हुई है। पीड़ित अशोक कुमार ने बताया कि वह कुछ दिन पहले अपने कमरे का ताला लगाकर बाजार गया था और इसी दौरान चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर एक एलईडी, गैस सिलिंडर, सिलाई मशीन और कुछ अन्य सामान चोरी कर लिया था। नयागांव थाना प्रभारी ने बताया कि चोर की निशानदेही पर और जगह भी छापामारी की जारी है और चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।