मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया फेज 8बी में इंटर लॉकिंग लगाने के काम का शुभारंभ करते उद्योगपतियों के
- फोटो : MOHALI
मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार को नगर निगम की ओर से डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का काम शुरू करवाया दिया गया है। इसका शुभारंभ मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने किया। बता दें कि इंडस्ट्रियल एरिया में मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मामला अमर उजाला की ओर से रविवार को ‘करोड़ों का राजस्व देकर सुविधाओं को तरसा औद्योगिक क्षेत्र’ नामक शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। इसके बाद स्थानीय प्रशासन के बड़े अधिकारियों ने हरकत में आकर कार्रवाई शुरू की है।
नगर निगम की ओर से मंगलवार को फेज-8/बी में विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसमें मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू विशेष रूप से उपस्थित हुए और इंडस्ट्रियल एरिया में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टॉइल्स बिछाने के प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। मेयर जीती सिद्धू ने कहा कि अभी तक यहां पर विकास कार्यों का जिम्मा उद्योग विभाग के पास था, लेकिन दो महीने पहले ही उन्हें यहां विकास कार्य करवाने का जिम्मा मिला है और जैसे ही उनके पास यह जिम्मेदारी आई तो सबसे पहले यहां इंटरलॉकिंग टाइल्स के प्रोजेक्ट को मंजूरी देकर काम शुरू किया गया। जबकि नगर निगम ने यहां पर 7-8 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को पास किया है, जिनको जल्द ही शुरू करवा दिया जाएगा। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल और डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी और नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे।