डेराबस्सी के त्रिवेदी कैंप में गिरी छत दिखाता मकान मालिक। -संवाद
- फोटो : MOHALI
डेराबस्सी। गांव त्रिवेदी कैंप में गरीब परिवार की खस्ताहाल छत गिर गई। गनीमत रही कि जब यह हादसा हुआ परिवार के चारों सदस्य हादसे वाली जगह से कुछ दूरी पर सो रहे थे।
छत से गिरे मलबे के नीचे दबने से घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। छत गिरने की आवाज सुनकर गांववासी इकट्ठे हो गए जिन्होंने घर के सदस्यों को बाहर निकाला।
घर के मालिक राकेश कुमार ने बताया कि वह फेरी लगाकर सामान बेचते हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं जो दुकानों पर काम करते हैं। राकेश कुमार ने कहा कि कोरोना के कारण पहले ही उनका काम ठप पड़ा है। अब छत गिरने से उनके लिए नई मुसीबत खड़ी हो गई है। राकेश कुमार ने बताया कि जो छत बची हुई है वह भी कभी भी गिर सकती है। जिस कारण उनका परिवार डर के साए में जी रहा है। उन्होंने बताया कि कच्चे घरों को पक्का करने के लिए स्कीम के तहत फार्म भी भरे थे लेकिन आज तक कोई पैसा नहीं मिला। उस दौरान उनके कच्चे घर की कुछ लोग फोटो भी खींचकर ले गए थे। लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी वह सरकारी मदद का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा कच्चे मकानों को पक्का करने के लारे के बाद शौचालय बनाने के लिए भी फार्म भरे थे जिसके पैसे भी आज तक जारी नहीं हुए हैं। मकान मालिक राकेश कुमार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।