मोहाली। जिले के बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने में अब जिला प्रशासन मददगार बनेगा। प्रशासन ने तय किया है कि युवकों को घर घर रोजगार एवं कारोबार मिशन के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएंगी। इसके लिए छात्रों को अपनी जेब से एक रुपया भी नहीं खर्च करना पड़ेगा, बल्कि पूरी जिम्मेदारी प्रशासन उठाएगा। डीसी गिरीश दियालन की तरफ से इस संबंधी पुष्टि की गई। उन्होंने युवाओं को इस मौके का लाभ उठाने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन की तरफ से एसएससी, बैंक पीओ/क्लेरिकल, आरआरबी, सीईटी, पीपीएससी, पीएसएसबी व अन्य परीक्षाओं की तैयारी करवाएगा। इस दौरान करीब एक लाख युवाओं को मुफ्त में ट्रेनिंग मुहैया करवाई जाएगी। इतना ही नहीं पुलिस सिपाही और क्लेरिकल पोस्ट के लिए ऑनलाइन कोचिंग का दूसरा बैच जल्द ही शुरू होगा। क्लेरिकल बैच के लिए अपना पंजीकरण करने के लिए उम्मीदवारों को ग्रेजुएशन पूरी करने की शर्त रखी गई है। जबकि 12वीं पास करने वाले उम्मीदवार पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए अर्जी दे सकते हैं। डीसी ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार विभाग की वेबसाइट https://www.eduzphere.com/freegovtexams पर लॉगिन कर सकते हैं। सभी स्ट्रीम के ग्रेजुएट इन कक्षाओं के लिए अर्जी दे सकते हैं। अंडर ग्रेजुएट के लिए भी उम्मीदवार दाखिला ले सकते हैं।
विशेषज्ञ ऐसे देेंगे कोचिंग
प्रतियोगी परीक्षाओं के सिलेबस के अनुसार अंग्रेजी, हिंदी, पंजाबी में विषय विशेषज्ञ अध्यापकों की तरफ से कोचिंग दी जाएगी। कोचिंग एक ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से मुहैया करवाई जाएगी। इसका प्रसारण सभी राज्यों में किया जाएगा। उम्मीदवार कंप्यूटर, लैपटॉप और फोन के माध्यम से कोचिंग ले पाएंगे। वहीं, कोचिंग के लेक्चर 8 महीने तक वह सुन पाएंगे। इसके अलावा उम्मीदवारों को वीडियो, नोटस और अध्ययन सामग्री भी मुहैया करवाई जाएंगी। जिसके बाद नियमित अभ्यास टेस्ट होंगे। एक बैच की अवधि कम से कम 4 महीने की होगी। कोचिंग डेढ़ डेढ घंटे दो सेशनों में हफ्ते में 6 दिन होगी।