मोहाली। नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्घू ने निगम हाउस की ओर से दिए गए अधिकारों के तहत बुधवार को टाउन वेंडिंग कमेटी का एलान कर दिया। उन्होंने कमेटी में संबंधित समूह वर्गों के लोगों को शामिल किया है। इनमें समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य, पार्षद, पुलिस और प्रशासन, व्यापारी वर्ग और स्ट्रीट वेंडर्स के सदस्य शामिल हैं। यह कमेटी मोहाली में लगने वाली रेहड़ी-फडी और नगर निगम के बीच तालमेल का काम करेगी।
कमेटी में जिनको शामिल किया गया है, उनमें पार्षद कमलप्रीत सिंह बन्नी और जसप्रीत सिंह गिल, डीएसपी गुरइकबाल सिंह, पंजाब नेशनल बैंक की मैनेजर मनजीत कौर, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह, सर्वहितकल्याण सोसायटी के वरिष्ठ सलाहकार जसविंदर शर्मा, मोहाली सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के प्रिंसिपल एस चौधरी, अजीत नेबरहुड एसोसिएशन के बलकरन सिंह भाटी, मोहाली करियाना मर्चेंट एसोसिएशन के मनीष सिंगला और स्ट्रीट वेंडर्स की ओर से विजय कुमार, मनजीत सिंह, सतपाल सिंह, पुरुषोत्तम लाल, माया और राम कुमारी के नाम शामिल हैं।
इस मौके पर मेयर जीती सिद्घू ने कमेटी के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि वह पूरे तनमन से कमेटी का काम संभालें और अपनी जिम्मेदारी का पालन करते हुए न सिर्फ रेहड़-फड़ी वालों को रोजगार कमाने का हक दिलवाएं, बल्कि इस बात को भी यकीनी बनाएं कि मोहाली के लोगों को भी इसका पूरा फायदा मिल सके और अवैध कब्जों को भी खत्म करवाया जा सके।