मुल्लांपुर (नयागांव)। पंजाबी फिल्म की शूटिंग ने शनिवार को इलाके में अजीब हालात पैदा कर दिए। कब्र में युवती के शव को दफनाने के सीने के दौरान लोगों को गलतफहमी हो गई और उन्होंने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल के बाद बताया कि कोई हत्या नहीं हुई है। फिल्म की शूटिंग के कारण गफलत हो गई थी। हालांकि फिल्म वालों के पास शूटिंग करने की अनुमति नहीं थी।
गांव पल्लनपुर के पास जंगलों के साथ लगता एक खेल का मैदान है। शनिवार को वहां एक सीन की शूटिंग थी। इसके लिए कब्र खोदी गई। किसी ने सोशल मीडिया पर इसकी अफवाह फैला दी। लोग घात लगाकर कब्र के पास बैठ गए। जैसे ही कलाकार एक युवती को दफनाने के लिए लेकर पहुंचे तो लोगों ने उन्हें दबोच लिया। हालांकि फिल्म वालों ने उन्हें समझाया कि यह सब नकली है और शूटिंग का हिस्सा है। लेकिन लोग नहीं माने और उन्होंने पुलिस बुला ली। बाद में पुलिस की जांच के बाद लोग संतुष्ट हुए।
गांव के पंच शिंगारा सिंह ने बताया कि कब्र खुदी देखकर लोगों में दहशत थी। शूटिंग करने वालों के पास जिला प्रशासन या पुलिस की अनुमति भी नहीं थी। इस वजह से शक ज्यादा गहराया। हालांकि बाद में सारी गलतफहमी दूर हो गई।