डेराबस्सी। डेराबस्सी-अंबाला हाईवे पर सोमवार रात चार लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर एक युवक से कार लूट ली। लुटेरों ने इस दौरान दो गोलियां भी चलाईं। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
शिमला निवासी अभिषेक शर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी क्रेटा कार में दिल्ली जा रहे थे। डेराबस्सी में फ्लाईओवर पार करने के बाद उन्होंने सड़क किनारे पेशाब करने के लिए कार रोकी तो अचानक एक सफेद रंग की गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी में से चार युवक बाहर निकले और अभिषेक की कार में बैठ गए। चाबी कार में ही लगी थी। उन्होंने शोर मचाया तो एक लुटेेरे ने पिस्तौल से उनकी ओर दो गोलियां चला दीं। इनमें से एक उनके कान के पास से गुजर गई। जबकि दूसरी गोली उनके पैरों के पास जमीन पर लगी। इससे वह डर गए और भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद लुटेरे दिल्ली हाईवे की ओर कार लेकर फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण वह उनकी गाड़ी का नंबर नोट नहीं कर सके।
दूसरी ओर, थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। शिकायतकर्ता अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर सका कि उसके साथ यह वारदात किस जगह हुई है और मौके से गोलियों के खोल भी बरामद नहीं हुए हैं। जांच की जा रही है और पूरी पड़ताल के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
ढाबे के बाहर से युवक की मोटरसाइकिल चोरी
जीरकपुर-अंबाला हाईवे के किनारे स्थित एक ढाबे के बाहर खड़ी एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पीड़ित अंकुश निवासी मुबारिकपुर ने बताया कि वह पाल ढाबे के नजदीक एक दफ्तर में नौकरी करता है। उसने अपनी मोटरसाइकिल दफ्तर के बाहर ढाबे के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब वह वापस आया तो मोटरसाइकिल गायब थी। उसने ढाबे के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो उसमें दिख रहा है कि दो युवक उसकी मोटरसाइकिल चोरी करके ले जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में पड़ताल शुरू कर दी है।