सेक्टर-6 पंचकूला अस्पताल में कराया भर्ती
वारदात के दौरान नाबालिग अपनी मां के साथ मूंगफली की दुकान पर था मौजूद
परिवार ने कहा- बच्चे का नहीं हुआ किसी के साथ झगड़ा, फिर भी चाकू से मारा
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। बलटाना के हरमिलाप नगर में क्रिकेट मैच खेलते समय हुए झगड़े के बाद करीब दस अज्ञात युवकों ने 16 वर्षीय किशोर को चाकू से घायल कर दिया। इसके बाद बच्चे को सेक्टर-6 पंचकूला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां नाबालिग को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। वारदात के दौरान बच्चा अपनी मां के साथ मूंगफली की दुकान पर मौजूद था। परिवार ने कहा कि उनके बच्चे का किसी के साथ झगड़ा नहीं हुआ है, फिर भी उनके बच्चे को चाकू मारा गया।
जानकारी अनुसार घायल हंस राज (16) को पीठ व छाती में दो जगह चाकू लगा है और डॉक्टरों ने दोनों जख्मों में चार से पांच टांके लगाए हैं। परिवार के मुताबिक चाकू दिल के नजदीक लगा है, यदि चाकू एक इंच भी दिल की तरफ होता तो बच्चे को गंभीर समस्या हो सकती थी। फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर है।
घायल हंसराज के पिता ओम प्रकाश व मां उर्मिला ने बताया कि उनका बेटा नौवीं में पढ़ता है और छुट्टी होने के कारण वह सोसाइटी के छोटे बच्चों के साथ क्रिकेट मैच खेलने गया था। शाम करीब साढ़े चार बजे मैच वह खेल रहे थे तो अचानक वहां युवकों में झगड़ा हो गया। इनमें से एक युवक ने उसके बेटे के हाथ से बल्ला छीन लिया और अन्य युवक पर हमला कर दिया, जबकि इसमें उसके बेटे की कोई भूमिका नहीं थी। इसके बाद वह घर आ गया। घायल हंसराज की मां ने बताया कि वह हरमिलाप नगर में मूंगफली की रेहड़ी लगाती है। शाम करीब साढ़े आठ बजे उनका बेटा भी वहीं उनके साथ दुकान पर मौजूद था। इस दौरान करीब 10 लोग आए और बेटे को पकड़ लिया। वह कहने लगे कि जिस युवक ने शाम को उसका बैट लेकर पीटा था, उसका नाम व घर का पता बताओ। इस पर उनके बेटे ने कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता तो उन्होंने उसके बेटे हंसराज पर चाकू से हमला कर दिया। जब उसने अपने बेटे को बचाने के लिए शोर मचाया तो वहां लोग इकट्ठे हो गए और हमलावार मौके से फरार हो गए, लेकिन तब तक उनके बेटे को दो जगह चाकू लगा चुका था। इस कारण वह जमीन पर गिर गया। उसे लोगों की मदद से पंचकूला के सेक्टर-6 अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उर्मिला ने बताया कि हमलावार 20 से 25 वर्ष के युवक थे। वह किसी को नहीं जानते और न ही उनका बेटा उन में से किसी को जानता है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे का तो किसी के साथ झगड़ा भी नहीं हुआ, लेकिन फिर भी बिना बात के हमलावरों ने उस पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने पुलिस से मांग की के आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। हालांकि उन्होंने बताया कि पुलिस अभी तक उनके पास नहीं आई है, जबकि अस्पताल ने पुलिस को इसकी सूचना भेज दी थी।
कोट्स
हमें जानकारी मिली है, हमारी परिवार से बात हो गई है। जांच अधिकारी को घायल बच्चे के घर भेज दिया है। वह उनका बयान दर्ज कर रहे हैं। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। -अजय कुमार, चौकी इंचार्ज बलटाना