भागोमाजरा की है घटना, पीड़ित फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। भागोमाजरा में गली से जा रहे मोटरसाइकिल सवार के सामने 12 साल का लड़का आ गया, जिसे हल्की टक्कर लगी, लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ। जब यह बात बच्चे के पिता को पता चली तो उसने सवार समेत उसके भाई को बेसबॉल बैट से जमकर पीटा। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आए दो बच्चों को भी चोटें आई। भाई सहजप्रीत को ज्यादा चोट लगने से उसे फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी की पहचान भूपिंदर सिंह वासी गांव भागोमाजरा के रूप में हुई है। अस्पताल ने एमएलआर काटकर संबंधित थाने को भेज दी है।
पीड़ित सहजप्रीत सिंह (19) वासी भागोमाजरा ने बताया कि वह पगड़ी सेंटर चलाता है। 24 दिसंबर की रात करीब आठ बजे जब छोटा भाई जसप्रीत सिंह (18) मोटरसाइकिल पर किसी काम से जा रहा था। तभी गली में पड़ोसी का 12 साल का बच्चा अचानक से सामने आ गया, जिसे हल्की-सी टक्कर लग गई, लेकिन चोट नहीं आई। इसके बाद बच्चे ने अपने पिता को इस बारे में बताया तो पिता भूपिंदर सिंह घर से बेसबॉल बैट लेकर आया और उसने आते ही बड़े भाई सहज को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद जब बीच बचाव करने छोटा भाई और दो छोटे बच्चे आए तो उनके साथ मारपीट की। इस हाथापाई में जसप्रीत का चश्मा और सहजप्रीत का फोन टूट गया। सहज के पीठ और टांग में अंदरूनी चोट आई है। वहीं 15 वर्षीय बच्चे के पैर में चोट लगी है। फिलहाल सभी इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती है। इस संबंध में उन्होंने सदर खरड़ थाना पुलिस में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर दिया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।