खरड़। समूह अध्यापक संगठनों की ओर से पंजाब राज्य अध्यापक गठजोड़ के नेतृत्व में पे कमीशन को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। अध्यापक नेताओं हरकृष्ण सिंह, शिव कुमार राणा, तजिंदर सिंह और सतनाम सिंह आदि ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए सीपीएफ यूनियन पंजाब के साथ मिलकर संघर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी के तहत पंजाब सरकार को अपना वादा याद दिलाने के लिए आज 24 अगस्त को पटियाला में वादा याद करो रैली निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करके सरकार को अध्यापकों के साथ किया गया वादा याद दिलाया जाएगा। पंजाब सरकार की ओर से वर्ष 2016 में घोषणा की गई थी कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी। लेकिन सरकार ने अपने वादे पूरे नही किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने साढे़ चार साल का कार्यकाल बीत जाने पर भी पुरानी पेंशन योजना की बहाली संबंधी कोई बात नहीं की है। सरकार को अपना वायदा दिलाने के लिए आज 24 अगस्त को पटियाला में सीपीएफ यूनियन के नेतृत्व में विशाल रैली करके रोष प्रदर्शन किया जाएगा। संवाद