जीरकपुर। नगर परिषद ने मंगलवार को बिना मंजूरी काटीं दो अवैध कॉलोनियों में चल रहे निर्माण कार्य बंद करवा दिए। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर बसे शहर जीरकपुर में बड़ी संख्या में लोग घर बनाने के लिए निवेश करते हैं। भूमाफिया से जुड़े लोग राजनीतिक संरक्षण के चलते अवैध कॉलोनियां काट देते हैं। इस संबंधी सैकड़ों लोग अधिकारियों को शिकायतें देते हैं।
ताजा मामला अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगते गांव पभात से जुड़ा है। यहां भूमाफिया ने बिना मंजूरी दो कॉलोनियां बना डालीं। जब इसकी जानकारी अधिकारियों के पास पहुंची तो मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
लाखों रुपये में बेचे जा रहे प्लॉट
बिल्डिंग ब्रान्च के एमई मुकेश राय ने बताया कि पभात में हवाई अड्डा रोड पर स्थित खेतीबाड़ी की जमीन पर कुछ लोगों ने दो कॉलोनियां बना ली थीं। इस संबंधी प्रशासन से कोई मंजूरी नहीं ली गई थी। टीम जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि कॉलोनाइजर ने कॉलोनी में सड़कों का निर्माण शुरू कर दिया था। इसके अलावा सीवरेज सिस्टम आदि को लेकर पाइपलाइनों का जाल बिछाया जा चुका है। ये सब सुविधाएं दिखाकर लोगों से लाखों रुपये लेकर उन्हें प्लॉट बेचे जा रहे थे।
जेसीबी मशीन से उखाड़ी सीवरेज लाइन
अधिकारियों में कॉलोनियों में डाली सीवरेज लाइन को जेसीबी मशीन की सहायता से उखाड़ दिया है। इसके साथ ही सड़क निर्माण कार्यों पर भी रोक लगा दी है। मामले की रिपोर्ट बनाकर विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। लोगों का कहना है कि यदि विभाग इस तरह की मुस्तैदी दिखाए तो भूमाफिया के चंगुल में फंसने से लोगों को बचाया जा सकता है। इस मौके पर बिल्डिंग इंस्पेक्टर लखबीर सिंह, डीएम सुशील गोयल, जेई विक्टर संधू के अलावा अतिक्रमण विंग के कर्मचारी मौजूद रहे।