मोहाली। जिले में भले ही कोरोना संक्रमण कमजोर पड़ रहा है, लेकिन संक्रमितों की मौत का सिलसिला नहीं रुक रहा है। बुुधवार को तीन और लोगों की कोरोना से मौत हो गई और 86 लोग नए संक्रमित आए हैं। वहीं, राहत की बात यह रही कि 186 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है।
डीसी गिरीश दियालन ने बताया कि भले ही अब कोरोना के केस कम हो रहे हैं, लेकिन यह समय काफी गंभीर स्थिति वाला है। क्योंकि केस कम होने का यह अर्थ नहीं है कि महामारी खत्म हो गई है और लापरवाही करने लगेें। हमें पहले की तरह ही पूरी सावधानी बरतनी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह मास्क पहनने को अपनी आदत में शुमार करें। इसके अलावा सामाजिक दूरी और कुछ समय के बाद हाथ धोना भी न भूलें।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को जिन लोगों की मौत हुई उनके बारे में जिला प्रशासन ने ज्यादा जानकारी नहीं दी है। वहीं, बुधवार को नए संक्रमितों में सबसे ज्यादा मोहाली में 20 लोग पॉजिटिव आए हैं। जबकि डेराबस्सी में 13, ढकोली में 11, लालड़ू में चार, बूथगढ़ में तीन, घडुआं में पांच, खरड़ में 16, कुराली में नौ और बनूड़ में पांच मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना के अब तक 67567 संक्रमित केस आ चुके हैं। इनमें से 65365 लोग ठीक हो चुके हैं और अभी 1196 केस सक्रिय हैं। जबकि 1006 लोगों की मौत हो चुकी है।