कुराली। युवक का एटीएम कार्ड चुराकर खाते से 21600 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत पर पुलिस ने बैंक के अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के वार्ड नंबर 6 के निवासी गुरकीरत सिंह ने बताया कि वह रूपनगर मार्ग स्थित पीएनबी के एटीएम से पैसे निकलवाने गया था। जब वह एटीएम केबिन में गया तो वहां 3 अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे। उसने 20 हजार रुपये निकलवाने के लिए एटीएम कार्ड डालकर अपना सिक्योरिटी पिन टाइप किया। तकनीकी कारण से उसकी रकम नहीं निकली। इस दौरान दूसरे एटीएम में गया तो वहां भी पैसे नहीं निकले। इसके बाद वह बैंक के अंदर पैसे निकलवाने के लिए लाइन में खड़ा हो गया। इसी बीच उसके मोबाइल पर 21, 600 रुपये निकलने का मैसेज आया। पीड़ित ने जेब चेक की तो उसका एटीएम कार्ड गायब था। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उक्त ठगों की ओर से रूपनगर के किसी एटीएम से उसका कार्ड उपयोग कर यह रुपये निकलवाए गए हैं।