मोहाली। शहर के फेज-6 स्थित सरकारी कॉलेज में कल राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्य के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके लिए सोमवार को समारोह की फाइनल फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इस मौके पर डीसी डॉ. ईशा कालिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा कर परेड़ के दौरान पुलिस के जवानों की सलामी ली। इस मौके पर एसएसपी हरजीत सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल और प्रशासनिक अधिकारी विशेष तौर पर मौजूद रहे। हालांकि बारिश की वजह से परेड मैदान में कई जगह दलदल बना हुआ था। उम्मीद जताई जा रही है कि बुुधवार तक सब कुछ सही हो जाएगा।
इस मौके पर डीसी ने बताया कि बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से समारोह साधारण तरीके से मनाया जाएगा। सिर्फ पंजाब पुलिस और एनसीसी कैडेट की टुकड़ियां समारोह में शिरकत करेंगी। समारोह केवल मुख्य मेहमान का भाषण और विजेताओं को सम्मानित करने तक सीमित रहेगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है कि यहां पर लोग नहीं जुटेंगे। सुरक्षा प्रोटोकॉल की पालना को यकीनी बनाते हुए समागम वाली जगह पर साफ-सफाई और सैनिटेशन किया जाएगा। बता दें कि राज्यपाल की ओर से पहले लुधियाना में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा की जानी थी। लेकिन चार दिन पहले यह कार्यक्रम बदल दिया गया है।