जीरकपुर। लगातार विवादों में रहने वाले और खुद को समाजसेवी बताने वाले सोनू सेठी एक बार फिर रविवार की रात एक सिख पत्रकार के साथ मारपीट करने और उसकी पगड़ी उतारने के आरोप में फिर से विवादों में घिर गए हैं। पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने सोनू सेठी और उसके पांच साथियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर किया है। बता दें कि अभी हाल ही में सोनू सेठी गुरु ग्रंथ साहिब की बाणी की बेअदबी करने के मामले में जमानत पर बाहर आया था।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि पत्रकार सुखविंद्र सिंह सैनी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए रविवार की रात पुलिस ने सोनू सेठी और उसके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में आईपीसी की धारा पगड़ी की बेअदबी 295ए, लूटपाट 382, मारपीट 506, 427 और 34 के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता पत्रकार सुखविंद्र सैनी ने बताया कि वह अपने एक साथी पत्रकार के साथ एक प्रेस कांफ्रेंस में शामिल होने के बाद उसको घर छोड़ने जा रहा था। वह जैसे ही वह कोहिनूर ढाबे के सामने अपने साथी को उतारने लगा तो पीछे से सोनू सेठी अपनी फॉरच्यूनर कार में आया और हमारे सामने अपनी कार लगा दी। इसके बाद कार में बैठे बैठे सोनू सेठी ने झगड़ा करने की नीयत से उसकी ओर आंखें निकालनी शुरू कर दी। इसके बाद उसे अकेला देख सोनू सेठी ने अपने 7-8 साथी बुला लिए और पुराने बेअदबी मामले में खबरें छापने को लेकर उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने जानबूझकर उसकी पगड़ी उतारी और जिस मोबाइल से वह वीडियो बना रहा था वह छीनकर जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गया।
इस पर शिकायतकर्ता सुखविंदर सैनी ने बताया कि उस पर सोनू सेठी ने हमला इसलिए किया था, क्योंकि बेअदबी के मामले में उन्होंने उसकी खबरें छापी थीं। इसके साथ वह धमकी देते हुए लोगों को भी देख लेने की बात कह रहा था और आते जाते अक्सर उसके साथ गंदी टिप्पणी करता था और देख लेने की धमकियां देता था। इस पर पुलिस ने शिकायतकर्ता सुखविंदर सैनी की शिकायत और मौके का जायजा लेने के बाद सोनू सेठी और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
जीरकपुर, डेराबस्सी और लालड़ू के पत्रकारों ने की बैठक
पत्रकार पर हमले के बाद जीरकपुर, डेराबस्सी और लालड़ू सब डिवीजन के सभी पत्रकारों ने एक बैठक की और पत्रकार सुखविंदर सैनी पर हुए हमले की नंदा करते हुए मुख्य आरोपी सोनू सेठी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। डेराबस्सी प्रेस क्लब प्रधान हरजीत सिंह लक्की ने कहा कि पत्रकारों पर हो रहे हमलों को लेकर सभी पत्रकार जल्द बड़े अधिकारियों से मिलेंगे और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पुख्ता कदम उठाने की अपील करेंगे। पत्रकार सच्चाई सामने लाने के लिए काम करते हैं। उन पर हो रहे हमलों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, आरोपी सोनू सेठी ने कहा कि उक्त पत्रकार खुद उसके ढ़ाबे के बाहर आकर उसके बाहर लगी एलईडी को लेकर धमका रहा था। इसके बाद आपस में कहा-सुनी हो गई और उसने इस मामले को धार्मिक रूप दे दिया।