मोहाली। फ्रिज में कुत्ते का सिर मिलने की अफवाह फैलने के बाद हमारा पूरा धंधा चौपट हो गया है। जबकि इस मामले की जांच की रिपोर्ट में वह कुत्ते का नहीं बकरी का सिर पाया गया था। एक आदमी की ओर से साफ-सफाई नहीं रखने की गलती का खामियाजा सभी मोमोज विक्रेताओं को भुगतना पड़ रहा है। अब कोई हमारे बनाए गए साफ-सुथरे मोमोज खाने के लिए नहीं आ रहा है। जबकि हम तो साफ-सुथरे माहौल में मोमोज तैयार कर रहे हैं, हमको जनता का ख्याल है। हमारा भरोसा करें, हम आपकी तरह इंसान हैं। एक मोमोज विक्रेता ने गंदगी में मोमोज बनाने की गलती की है, उसका खामियाजा हम सब भुगत रहे हैं। उस पर प्रशासन ने कार्रवाई भी की है। यह कहना है मोहाली के मोमोज कारोबारियों का। इन्होंने सेक्टर-57 के कम्युनिटी सेंटर में एक बैठक करके इसमें अपनी बात रखी और लोगों से मोमोज खाने की अपील की। वह अफवाह फैलने के बाद लोग दूसरी दुकानों पर जाकर कहते हैं कि ये नेपाली मोमोज दुकानदार मोमोज में कुत्ते का मीट मिलाकर मोमोज बनाते हैं। जबकि ऐसा नहीं है। इन कारोबारियों ने कहा कि हमारा भरोसा करें, हम आप लोगों को स्वच्छ माहौल में स्वच्छ खाद्य पदार्थों से बनाए गए मोमोज ही खिलाएंगे।
बलौंगी की मोमोज विक्रेता शांति ने बताया कि गंदगी में मोमोज बनाने वाले मामले के बाद कारोबार एकदम ठप सा हो गया है। एक आदमी ने गलती की है तो इसका मतलब यह नहीं कि सब दुकानदार ऐसा करते हैं। जो अफवाह फैली थी उसे नजरअंदाज कर मोमोज खाएं और हमारा सहयोग करें। जिससे हम भी आमदनी करके परिवार पाल सकें।
वहीं, करण ने कहा कि गंदगी में मोमोज बनाने के वायरल वीडियो के बाद मोमोज की बिक्री नहीं हो रही है। इससे करियाना और सब्जी की दुकानों पर भी बिक्री कम होने लगी है। डीसी ने साफ कर दिया है और जांच के बाद रिपोर्ट में कुत्ते का नहीं बकरी का मांस पाया गया था। यह उसकी गलती थी। पहले जैसे ही स्वच्छ मैटीरियल से मोमोज बना रहे हैं। अगर कोई दुकानदार दोषी मिले तो प्रशासन उस पर सख्त कार्रवाई करे।