मोहाली। अकाली नेता विक्रमजीत सिंह उर्फ मिड्डूखेड़ा की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपी पकड़े थे। रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद वीरवार को इन्हें जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सुनवाई के बाद तीन दिन के लिए इनका रिमांड बढ़ा दिया।
जानकारी के मुताबिक वीरवार दोपहर बाद पुलिस ने सज्जन सिंह उर्फ भोलू, अनिल कुमार उर्फ लट्ठ, सन्नी और भूप्पी राणा को अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने दलील पेश की कि आरोपी पुलिस की जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और हत्या में इस्तेमाल किए हथियारों का बरामद होना अभी बाकी है। वहीं अभी तक की हुई पूछताछ के दौरान इस बात का खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इस्तेमाल किए हथियार अलग-अलग जगह पर छिपा दिए हैं। उन्हें बरामद करने के लिए पुलिस को आरोपियों के और रिमांड की जरूरत है।
वहीं दूसरी तरफ आरोपियों की तरफ से पेश हुए वकील ने दलील दी कि उनके मुव्वकिल जांच में सहयोग दे रहे है। वहीं दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चारों आरोपियों का तीन दिन का पुलिस रिमांड बढ़ा दिया। रिमांड समाप्त होने के बाद पुलिस अब तीनों आरोपियों को आठ मई को जिला अदालत में फिर पेश करेगी।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच अदालत में पेश हुए आरोपी
जानकारी के अनुसार वीरवार को जिला अदालत में मिड्डूखेड़ा हत्या के मामले को लेकर हुई सुनवाई के दौरान आरोपियों को पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच लाया गया। इस दौरान एसपी मनप्रीत सिंह, डीएसपी-1 सुखनाज सिंह, मटौर थाना प्रभारी नवीनपाल सिंह लहल अदालत में पहुंचे। वहीं चारों आरोपियों को पुलिस वैन से कोर्ट रूम तक हथकड़ियों से बांधकर लाया गया और कोर्ट रूम के बाहर हथकड़ियां खोल दी गईं। वहीं कई पुलिसकर्मी सुरक्षा इंतजामों के मद्देनजर यहां तैनात नजर आए।
प्रोडक्शन वारंट पर आरोपियों को लेकर आई है पुलिस
मिड्डूखेड़ा हत्या मामले की जांच में पुलिस सज्जन सिंह उर्फ भोलू, अनिल कुमार उर्फ लट्ठ, सन्नी को दिल्ली जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई हैं। वहीं केस में गैंगस्टर भूप्पी राणा को हरियाणा की जिला करनाल की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों से रिमांड के दौरान की पूछताछ के आधार पर पुलिस जल्द ही इस केस में खुलासा करने जा रही है।