मोहाली। एयरोसिटी के लोगों को अब सब्जी खरीदने के लिए मोहाली या जीरकपुर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। लोगों की सुविधा के लिए अब उनके इलाके में दो किसान मंडियां शुरू की गई हैं। मार्केट कमेटी खरड़ के चेयरमैन हरकेश चंद शर्मा ने बताया कि सेक्टर-82 के एयरोसिटी में दो नई किसान मंडी शुरू की गई हैं। उन्होंने खुद मंडियों में जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे लोगों को काफी फायदा होगा और सब्जी खरीदने के लिए कहीं धक्के नहीं खाने पड़ेंगे उनके घरों के नजदीक ही सब्जी मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक एयरोसिटी अब बसना शुरू हो गया है, लेेकिन इलाके में कोई सब्जी मंडी नहीं थी। मार्केट कमेटी के चेयरमैन हरकेश चंद शर्मा ने बताया कि स्थानीय निवासी काफी लंबे समय से मांग कर रहे थे कि उनके इलाके में किसान मंडी लगाई जाएं। इसके बाद अब सब्जी मंडी सेक्टर 82 एयरोसिटी के ब्लाक एच और ई में शुरू की गई है। जो कि हर हफ्ते वीरवार और शनिवार को लगेगी। इसी बीच रेजिडेंट्स एसोसिएशनों के न्योते पर कमेटी के चेयरमैन ने इन मंडियों का दौरा किया और वहां पर चल रहे काम का जायजा भी लिया।
इस मौके पर एसोसिएशनों के सदस्यों की ओर से चेयरमैन का धन्यवाद भी किया गया। चेयरमैन ने मंडी में आए लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह मंडियां स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए चलाई गई है। जिनको कामयाब करना उनकी अपनी जिम्मेदारी और फर्ज बनता है। उन्होंने इलाका निवासियों को अपील करते हुए कहा कि उनको ताजी सब्जियां और फल के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि उनके घरों के पास ही किसान मंडी शुरू हो गई है।
उन्होंने कहा कि मार्केट कमेटी का स्टाफ इन नई मंडियों में हर तरह की सुविधा का पूरा ध्यान रखेगा। इस मौके पर जगतार सिंह सरपंच, बलवंत सिंह, नरिंदर सिंह, विनोद कुमार, जोगिंदर सिंह सिद्घू, हरपाल सिंह आदि मौजूद रहे। बता देें कि अमर उजाला की ओर से इलाके में सब्जी मंडियां न होने का मामला प्रमुखता से उठाया गया था।