मोहाली। नगर निगम ने भारी बारिश होने पर पूरे शहर को जलभराव से बचाने के लिए स्पेशल प्लान तैयार किया है। इसके तहत फ्लड कंट्रोल रूम गठित करने से लेकर लेकर रात में भी नगर निगम के अधिकारी तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर फोन पर नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच जाएंगी। इसके लिए पूरे शहर के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक स्टाफ अगले आदेशों तक तैनात कर दिया गया है। इस संबंधी आदेश जारी कर दिए गए है। साथ ही इलाकों के पार्षदों को सूचित कर दिया गया है। नगर निगम के डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-68 नगर निगम के दफ्तर और फेज-एक स्थित फायर स्टेशन में फ्लड कंट्रोल रूम गठित किया गया है। इनसे मदद लेने के लिए लोगों को 01725044910 और 0172 2223101 और 101 पर कॉल करनी होगी। इसके अलावा चार जोन बनाए गए हैं। जिसके लिए चार नोडल अफसर, जूनियर अधिकारी, सेनेटरी इंस्पेक्टर और सफाई मुलाजिमों तक का इंतजाम किया गया है। इस संबंधी नंबर सारे इलाकों के पार्षदों तक पहुंचा दिए गए हैं। इसके अलावा पूरी जानकारी नगर निगम की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। फायर अफसर को आदेश जारी किए हैं कि एक फायर टेंडर और स्टाफ रोजाना नगर निगम भेजें। कंट्रोल रूम में किसी तरह की कोई सूचना आती है तो तुरंत निगरान अधिकारी को दी जाए। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के मोबाइल नंबर चालू रहने चाहिए। इस पूरे काम पर अब नजर रखी जाएगी।