नए सब-रजिस्ट्रार दफ्तर में एक छत के नीचे पूरी होगी सारी प्रक्रिया
मुख्य सचिव ने मोहाली प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स का किया दौरा
अमर उजाला ब्यूरो/
चंडीगढ़/मोहाली। पंजाब सरकार मोहाली के सब रजिस्ट्रार दफ्तर को अतिआधुनिक बना रही है। इस दफ्तर में रजिस्ट्री करवाने वालों को अब एक ही छत के नीचे एक ही दिन में सभी सेवाएं मिलेंगी। इसी के तहत, 90 मिनटों के अंदर संपत्तियों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने पर रजिस्ट्री की कॉपी भी मिलेगी।
वीरवार को राज्य के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने पंजाब के पहले अति-आधुनिक सब रजिस्ट्रार दफ्तर के कार्य की समीक्षा करने के लिए मोहाली जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद आम लोगों से सीधी बातचीत करके फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि दफ्तरों में मौजूद कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश हैं कि सरकारी दफ्तरों में कार्य करवाने के लिए आने वालों को कोई परेशानी न हो और लोगों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं मिलें।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक भी की। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री करवाने वालों की परेशानी दूर खत्म करने और उनके समय की बचत करने के लिए अति-आधुनिक सुविधाओं से लैस सब-रजिस्ट्रार दफ्तर स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने नए दफ्तर के बारे में बताया कि रजिस्ट्री का करार तैयार करने से लेकर पंजाब लैंड रिकॉर्ड सोसायटी के अधिकृत काउंटर से स्टांप पेपरों की खरीद, पहचान के लिए ईकेवाईसी, जायदाद की खरीद और बेचने वाले की गवाही समेत उच्च गुणवत्ता की तस्वीर खिंचवाने और रजिस्ट्री की यह सारी प्रक्रिया 90 मिनटों के अंदर पूरी होगी। इसमें रजिस्ट्री का रंगदार प्रिंट मिलने की सुविधा एक छत के नीचे मिलेगी। रजिस्ट्री लिखने के अलग-अलग काउंटर इसी दफ्तर में होंगे। इसके अलावा यदि कोई अपने आप करार लिखना चाहता है या वह घर से ही कागज लिखकर लाना चाहता है तो उसके लिए ऑनलाइन काउंटर होगा।
मुख्य सचिव ने बताया कि महिलाओं के लिए स्टांप ड्यूटी में 2 फीसदी छूट के कारण रजिस्ट्री करवाने वालों में महिलाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए नए दफ्तर में महिलाओं के बैठने के विशेष प्रबंध होंगे। इसके साथ ही आम लोगों के बैठने के लिए इंतजार क्षेत्र और सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। रजिस्ट्री के लिए अपना समय लेने वाला व्यक्ति अपने मोबाइल पर मिली अप्वाइंटमेंट दिखाकर दफ्तर में आ सकेगा।
इस मौके पर विशेष मुख्य सचिव-कम-वित्त कमिश्नर (राजस्व) केएपी सिन्हा, सचिव (लोक निर्माण विभाग) प्रियांक भारती, विशेष सचिव (राजस्व) केशव हिंगोनिया, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, स्टाफ अफसर टी. बैनिथ, एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग, एडीसी (जनरल) विराज एस. तिड़के, एसडीएम चंदर जोति सिंह, चीफ आर्किटेक्ट सपना, जिला राजस्व अफसर अमनदीप चावला, सब रजिस्ट्रार बीरकरन सिंह और तहसीलदार कुलदीप सिंह ढिल्लों भी उपस्थित थे।
कैप्शन
मोहाली के जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स का दौरा कर, वीरवार को पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने नए बन रहे अत्याधुनिक सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के कामकाज की समीक्षा की। स्रोत: सूचना विभाग