मोहाली। गांव खिजराबाद के रहने वाले एक नौ महीने के बच्चे के दिल के छेद का सफल ऑपरेशन किया गया है। इससे जहां बच्चे को नया जीवन मिला है, वहीं निराशा में डूबे परिजनों के जीवन में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्राइमरी हेल्थ सेंटर बूथगढ़ के डॉक्टरों के प्रयास से इस बच्चे के दिल का ऑपरेशन मुफ्त में किया गया है। सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. अलकजोत कौर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह सेहत विभाग और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाकर अपना इलाज करवाएं।
जानकारी के मुताबिक प्राथमिक हेल्थ सेंटर बूथगढ की टीम गांव खिजराबाद का दौरा कर रही थी। इस दौरान डॉ. विकास, डॉ. प्रियंका और डॉ. रोहिनी के ध्यान में आया कि गांव के नौ महीने के बच्चे के दिल में छेद है। इससे बच्चे को सांस आदि लेने में दिक्कत आती है। वहीं, इस वजह से बच्चे के परिजन भी परेशानी में रहते हैं। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने बच्चे के परिजनों को तुरंत अस्पताल बुलाया। साथ ही बच्चे के सभी आरंभिक टेस्ट किए गए।
इस संबंधी एसएमओ डॉ. अलकजोत कौर ने बताया कि बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों की कई बीमारियों का इलाज मुफ्त होता है। जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को दी जाने वाली सभी सहायता के दस्तावेज अपने स्तर पर तैयार किए। इसके बाद बच्चे को पीजीआई रैफर कर दिया गया। पीजीआई में बच्चे के जरूरी टेस्ट किए गए। इसके बाद वहां पर बच्चे के दिल के छेद का सफल ऑपरेशन किया गया। बच्चा अब पूरी तरह से तंदुरुस्त है। डॉ. अलकजोत ने डॉक्टरों की सारी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के प्रयासों से बच्चे का सफल और मुफ्त ऑपरेशन हो पाया है। परिवार का करीब डेढ़ लाख रुपये बचा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह केंद्र और पंजाब सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न स्कीमों और योजनाओं का फायदा उठाएं। किसी भी तरह की जरूरी सहायता के लिए विभाग के हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क कर सकते हैं।