मोहाली। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए पंजाब अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पुडा) के सेक्शन अफसर दविंदर कुमार के घर से करीब नौ लाख रुपये और बरामद हुए हैं। ऐसे में विजिलेंस अब उसकी सारी संपत्ति व अन्य चीजों का रिकॉर्ड जुटाने में जुट गई है।
बुधवार को आरोपी को विजिलेंस ने अदालत में पेश किया। वहां रिमांड लेने के लिए कई तर्क दिए। इसके बाद अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को विजिलेंस ने पुडा से सेक्शन अफसर को गिरफ्तार करने के बाद उसके घर, कार व अन्य चीजों जांच की थी। इसके बाद विजिलेंस को करीब नौ लाख रुपये नकद मिले। मामले की जांच से जुड़े विजिलेंस अधिकारियों की माने तो जिस हिसाब से आरोपी से राशि रिकवर हुई, उससे एक बात तो साफ है कि इस काम में वह अकेला शामिल नहीं था।
रिश्वत के इस खेल में कई लोग शामिल होने के आसार
विजिलेंस का कहना है कि यह पैसा एक चैनल के माध्यम से सब तक पहुंचता था। अब विजिलेंस उन लोगों तक भी पहुंचने की रणनीति में जुट गई है। इसके साथ ही विजिलेंस अब दविंदर की प्रॉपर्टी, बैंक खातों की डिटेल भी जुटा रही है। सूत्रों की माने तो पहले चरण में गत छह साल में बनाई गई सारी प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है। दूसरी तरफ दविदंर के पकड़े जाने के बाद अन्य अधिकारी भी सहमे हुए हैं।
बूथ रद्द न करने के लिए मांगे थे एक लाख रुपये
दविंदर कुुमार के खिलाफ फेज-11 निवासी निर्मल सिंह ने विजिलेंस को शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने बताया कि उसको फेज-11 में बूथ अलॉट किया हुआ है। आरोपी उसे रद्द न करने के एवज में एक लाख रुपये की मांग कर रहा था। पीड़ित ने बताया कि वह उसे पचास हजार रुपये पहले ही दे चुके थे। फिर भी आरोपी उसे डरा धमकाकर एक लाख रुपये की और मांग कर रहा था। वह इस वजह से काफी परेशान चल रहे थे।