दो नेपाली महिलाएं पांच किलो चरस के साथ गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत दो नेपाली महिलाओं को पांच किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करके मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार की गई आरोपी महिलाओं की पहचान एकमती जिला रोलपा और दिलमाया जिला कपिलवस्तु, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंधी पुलिस जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर बस अड्डे के नजदीक नाकेबंदी की हुई थी। इस दौरान उन्होंने शक के आधार पर दो नेपाली महिलाओं को रोका और उनके बैग को चेक किया तो उनके पास से पांच किलो चरस बरामद हुई। दोनों महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को अदालत में पेश करके तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और गंभीरता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में अहम खुलासे होने की संभावना जताई है।