मोहाली। वीआईपी जिले के नए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर उन्होंने साफ किया है कि वह भ्रष्टाचार कभी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और तनदेही से करने की नसीहत दी है। जनता को न्याय दिलाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जिले के तमाम अधिकारी इस चीज का पालन करें, इससे लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा।
जानकारी के मुताबिक नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कार्यभार संभालते ही इस बात का अंदेशा जताया जा रहा था कि वीआईपी जिले के अधिकारियों के तबादले होंगे। ऐसे में सबसे पहले मोहाली के डीसी और फिर एसएसपी सतिंदर सिंह का तबादला किया गया। इनकी जगह पर नवजोत सिंह माहल को मोहाली का एसएसपी लगाया गया। सोमवार को पदभार संभालने के बाद एसएसपी का कहना था कि मोहाली को अपराध मुक्त जिला बनाने की दिशा में काम करेंगे। अपराध रोकने और कानून व्यवस्था कायम रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। योजनाबद्घ तरीके से की जाने वाली शुरूआत संबंधी पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि गैर कानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण करने के लिए जिले की सभी जगह पर फोर्स बढ़ाई जाए। याद रहे कि एसएसपी नवजोत सिंह माहल पहले पंजाब आर्म्ड फोर्स की 7वीं बटालियन के कमांडेंट के पद पर तैनात थे। उनके पास एआईजी स्पेशल टॉस्क फोर्स जालंधर का अतिरिक्त कार्यभार था। वह होशियारपुर, जालंधर देहाती और खन्ना के एसएसपी की सेवाएं निभा चुुके हैं। उनकी जगह वहां पर मोहाली के पूर्व एसएसपी सतिंदर सिंह ने पदभार संभाल लिया है।