मोहाली। शहर के उद्योगपतियों की संस्था मोहाली इंडस्ट्री एसोसिएशन (एमआईए) में नई कार्यकारिणी गठित करने को लेकर कई दिनों से चला आ रहा विवाद बुधवार को थम गया। लार्ज स्केल और मीडियम स्केल इंडस्ट्री के सदस्यों की ओर से स्मॉल इंडस्ट्री कैटेगरी के सदस्यों को चुनाव के लिए राजी कर लिया गया। इसके बाद लार्ज स्केल कैटगरी से संबंधित अनुराग अग्रवाल को एसोसिएशन का प्रधान चुन लिया गया। इससे पहले भी वह प्रधान रह चुके हैं। इसके अलावा विवेक कपूर और जगदीप सिंह को उपप्रधान और राजीव गुप्ता को महासचिव चुना गया। वहीं आईएस छाबड़ा को फाइनेंस सचिव और दिलप्रीत सिंह और कमल धुप्पर को ज्वाइंट फाइनेंस सचिव, इकबाल सिंह और केवल संधू को ज्वाइंट सचिव चुन लिया गया।
जानकारी के मुताबिक 20 अगस्त को एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी चुनने के लिए बुलाई गई थी। इस मीटिंग में स्माल इंडस्ट्री कैटेगरी में आने उद्योगपतियों द्वारा लार्ज स्केल इंडस्ट्री का प्रधान फिर से बनाए जाने का विरोध करते हुए मीटिंग का बायकाट कर दिया। इसके बाद से एक बार फिर से मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन दो फाड़ हो गई थी। क्योंकि काफी साल से लार्ज स्केल इंडस्ट्रीज कैटगरी या मीडियम स्केल इंडस्ट्रीज कैटगरी से संबधित उद्योगपति एसोसिएशन का प्रधान बनता आ रहा है। जबकि स्मॉल इंडस्ट्रीज कैटगरी के सदस्य एसोसिएशन में बड़ी संख्या में है। वहीं मीडियम स्केल कैटेगरी में 56 और लार्ज स्केल कैटेगरी में सिर्फ 34 सदस्य हैं। हंगामा होने के बाद एसोसिएशन के कुछ सदस्यों ने मिलकर चुनाव को तुरंत स्थगित करवाते हुए मौजूदा टीम को तीन महीने के लिए एक्सटेंशन दे दी। साथ ही स्माल इंडस्ट्री के सदस्यों के साथ बात कर मामला हल करने का एलान किया गया।