खरड़। एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर की प्रताड़ना से परेशान होकर लाइनमैन संदीप सिंह बॉबी (22) निवासी गांव बडाला ने अपने घर में ही फंदा लाकर जान दी है। जब परिवार को इस मामले का पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फंदे से नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। थाना सदर खरड़ पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर कंपनी के सुपरवाइजर सर्बजीत सिंह सब्बा निवासी मानपुर खमाणों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बडाला निवासी लखविंदर सिंह ने बताया कि वह तीन भाई हैं। उनके पिता की पिछले साल मौत हो गई थी। उसका बड़ा भाई संदीप सिंह बॉबी पिछले दो साल से एक कंपनी में इंटरनेट कनेक्शन लगाने का काम कर रहा था। भाई के साथ वह भी इसी कंपनी में लाइनमैन के पद पर काम कर रहा है। आरोप है कि कंपनी के सुपरवाइजर सर्बजीत सिंह सब्बा निवासी मानपुर खमाणों ने उसके भाई के साथ पहले भी कई बार अभद्रता की थी। इस संबंध संदीप सिंह ने उन्हें बताया था। सुपरवाइजर सर्बजीत सिंह ने संदीप सिंह अभद्रता करते हुए थप्पड़ मारे और जलील किया। इस कारण संदीप सिंह परेशान था। लखविंदर सिंह ने बताया कि संदीप सिंह ने वीरवार को ड्यूटी से आकर परिवार के साथ खाना खाया। रात में जब मां ने उठकर देखा तो संदीप सिंह चारपाई पर नहीं था। मां ने बाहर निकल कर देखा कि संदीप ने सीढ़ी की ग्रिल के साथ दुपट्टा बांधकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।