लालड़ू। झरमड़ी बैरियर के नजदीक पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बस में जा रहे व्यक्ति से 44 लाख रुपये के गहने बरामद किए हैं। आरोपी सुरेश कुमार सैनी फेज दो रामदरबार चंडीगढ़ का निवासी है, जो खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बता रहा था।
लालड़ू के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान अंबाला से चंडीगढ़ की ओर जा रही बस को रोका गया। शक के आधार पर जब एक व्यक्ति की तलाशी ली गई, तो उसके पास से लाखों रुपये के गहने और हीरे बरामद हुए। पूछताछ करने पर आरोपी ने खुद को दुर्गा भिवानी कोरियर कंपनी चंडीगढ़ का कर्मचारी बताया। गहनों के बारे में वह तसल्लीबख्श जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना स्टेट सेल टैक्स अधिकारी और इनकम टैक्स के डिप्टी डायरेक्टर को दी। दोनों विभागों के अधिकारी थाने में पहुंचे, जिनकी उपस्थिति में बरामद सामान का मूल्यांकन करवाया गया। गहनों की कीमत 44 लाख 17 हजार 434 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गहनों के पैकेट बनाए और स्टेट सेल टैक्स अधिकारी ने मोहर लगाकर सील बंद करवाई।