खरड। शहर के नजदीकी गांवों अभिपुर, गोचर, मीयांपुर, झंगर और कुबाहेड़ी में अवैध खनन पर लगाई गई पाबंदी के बावजूद यहां पर दोबारा से अवैध खनन शुरू हो गया है। इस संबंधी गांव वालों में राम सिंह, रणजोध सिंह और जरनैल सिंह ने अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (एडीसी) अमनिंदर कौर बराड़ से मुलाकात करके उन्हें शिकायत दी है। इसमें कहा गया है कि सरकार की ओर से खरड़ हलके के अधीन आते उक्त गांवों में हो रहा अवैध खनन बंद करवा दिया गया था, लेकिन खनन माफिया की ओर से सरकार के आदेश की धज्जियां उड़ाकर यहां पर दोबारा से अवैध खनन शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने शिकायत में लिखा है कि जब पुलिस को फोन करके अवैध खनन कर रहीं गाड़ियों को पकड़वाया जाता है तो पुलिस कह देती है कि इनके पास बिल हैं और पुलिस उन्हें छोड़ देती है। जो रेत पकड़ा जाता है, वह यहीं का है, यह रोपड़ का नहीं है, फिर पुलिस इन लोगों को कैसे छोड़ देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवरलोड़ 60-60 टन की गाड़ियों ने गांवों की सड़कों को बुरी तरह से तोड़ कर रख दिया है, लेकिन पुलिस ओवरलोड़ गाड़ियों का चालान भी नहीं करती है।
इन गांववासियों ने अपनी शिकायत के साथ ओवरलोड़ गाड़ियों की फोटो भी लगाई है, जो रात के समय चलती है। इस अवसर पर उन्होंने मांग की है कि अवैध खनन के चल रहे धंधे को तुरंत बंद करवाया जाए। एडीसी बराड़ ने इस संबंधी खनन विभाग के एक्सईएन और डीएसपी मुल्लांपुर को तुरंत कार्रवाई करके रिपोर्ट देने के लिए कहा है।