नयागांव। इलाके के शिव नगर से सिंघा देवी को जाने के लिए भू माफियाओं की ओर से पटियाला की राव नदी पर अवैध पुल का निर्माण किया जा रहा था। इससे शिव नगर के 150 घरों को जा रही पानी की लाइन टूट गई। सिंघा देवी में इस पुल के निर्माण का लालच देकर अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। पुल निर्माण की सूचना पर नहरी विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करवा दिया।
जानकारी के मुताबिक शिव नगर से सिंघा देवी को जाने के लिए पटियाला की राव पर एक छोटी पुलिया बनी हुई थी। सिंघा देवी में कॉलोनी काटने वाले लोगों ने इस पुलिया को तोड़ दिया और यहां पर अवैध रूप से पुल का निर्माण कर रहे थे। जबकि इसके लिए किसी भी विभाग से मंजूरी नहीं ली गई थी। लोगों ने बताया कि इस पुल के निर्माण के कारण इलाके के लोगों के घरों में पानी आना बंद हो गया। जब इसकी शिकायत विभाग को दी तो उन्होंने बताया कि यह काम विभाग नहीं कर रहा है। कुछ लोग अपने फायदे के लिए पुल बना रहे हैं। इसके बाद लोगों ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की तो सोमवार को अधिकारी मौके पर पहुंचे।
आरोपियों पर होगी कार्रवाई
स्थानीय निवासियों की ओर से पुल के निर्माण संबंधी शिकायत मिली थी। हमारे विभाग की ओर से इस पुल निर्माण संबंधी कोई मंजूरी नहीं ली गई है। जो लोग यह निर्माण कर रहे थे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
-देवेंद्र सिंह, जूनियर इंजीनियर नहरी विभाग।