खरड़। गांव स्वाडा के पास शुक्रवार को नकाबपोश दो युवकों ने कार सवार दो भाइयों को घेरकर 10 लाख रुपये से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। जब वह इसमें कामयाब नहीं हो पाए तो एक आरोपी ने गोली चला दी जोकि गाड़ी में कंडक्टर साइड में बैठे प्रमोद कुमार को लगी। इसके बाद जब लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी फरार हो गए। प्रमोद कुमार को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया है। जहां पर उसकी हालत में अब सुधार है। पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर लगे सारे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित के भाई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वह मोहाली के सेक्टर-82 की कंपनी में ड्राइवरी करता है। उसका भाई प्रमोद कुमार स्क्रैप डीलर लाल की गाड़ी पर ड्राइवर है। शुक्रवार को उसे काम से छुट्टी थी। वह अपने भाई प्रमोद कुमार के साथ लाल के स्क्रैप का कैश लेने के लिए गाड़ी से मंडी गोबिदगढ़ गया था। शाम करीब 4 बजे वह 10 लाख रुपये से भरा बैग लेकर वापस आ रहे थे। जब वह कस्बा रिजॉर्ट गांव स्वाडा के पास पहुंचे तो वहां पर जूस पीने के लिए रुके। इस दौरान पीछे से आ रही एक गाड़ी ने आगे आकर उनकी गाड़ी घेर ली। उसमें से दो युवक उतरे। उनके हाथों में पिस्तौल थी और दोनों ने मुंह ढके हुए थे।
इस दौरान एक लुटेरा कंडक्टर सीट की तरफ आया तो दूसरा उसके भाई वाली साइड चला गया। उन्होंने गाड़ी में बैठे हुए ही उनसे हाथापाई करनी शुरू कर दी। बाद में एक लुटेरे ने उसके भाई को जान से मार देने की नीयत से उस पर गोली चला दी जोकि उसके भाई के दाएं कंधे पर लगी। इसके बाद उसने पर्स भी छीन लिया। लोगों को इकट्ठा होता देख दोनों लुटेरे मौके से गाड़ी में फरार हो गए।