नयागांव। नगर काउंसिल में वीरवार सुबह 11 बजे दो कर्मचारियों के झगड़े के बाद हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। नगर काउंसिल के सभी सफाई कर्मचारी कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन करने लग गए। करीब 3 घंटे बाद नगर काउंसिल की प्रधान बलविंदर कौर के पति गुरु ध्यान सिंह के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने धरना समाप्त किया।
वीरवार को सेनेटरी सुपरवाइजर बलवंत बिल और इलेक्ट्रीशियन दीपक के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सफाई कर्मचारी एकत्रित हो गए और इलेक्ट्रीशियन दीपक को नौकरी से निकालने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। सफाई कर्मचारियों के प्रधान मोनू ने कहा कि नगर काउंसिल हर तरह का काम सफाई कर्मचारियों से करवाता है। जबकि दूसरे विभाग के कर्मचारी खाली बैठे रहते हैं।
काउंसिल की पानी की मोटर पिछले तीन-चार दिन से खराब थी। जिसे ठीक करने की जिम्मेवारी इलेक्ट्रीशियन की है। मोटर खराब होने से शौचालय में भी पानी की सप्लाई नहीं हो रही थी। आरोप है कि जब इसकी शिकायत सेनेटरी इंस्पेक्टर राम गोपाल से की तो इलेक्ट्रीशियन ने सुपरवाइजर पर अपने औजार से हमला करने की कोशिश की और गाली गलौज करने लग गया। इलेक्ट्रीशियन दीपक द्वारा उनके साथी कर्मचारियों के साथ भी बदतमीजी की गई।
तीन घंटे के इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद नगर काउंसिल की प्रधान बलविंदर कौर के पति गुरु ध्यान सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से बात करने के काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी से बात की और सफाई कर्मचारियों को भरोसा दिया कि इलेक्ट्रीशियन दीपक को नगर काउंसिल में नौकरी से निकाल दिया गया है। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने धरना समाप्त किया।
अधिकारियों की है इलेक्ट्रीशियन के साथ मिलीभगत
सेनेटरी सुपरवाइजर बलवंत गिल ने नगर कौंसिल के अधिकारियों पर दीपक के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है। बलवंत गिल ने कहा कि कार्यालय से पिछले दिनों 18 बैटरियां चोरी हो गई थीं। इसके बाद सेनेटरी ब्रांच द्वारा नगर कौंसिल कार्यालय में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए कई बार कर्मचारी को बोला था। लेकिन स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई। जिस कारण कार्यालय में चोरियां होती रहीं। पिछले महीने 14 दिसंबर को सेनेटरी ब्रांच द्वारा अकाउंट ब्रांच को एक नोटिफिकेशन जारी किया गया था। जिसमें इलेक्ट्रीशियन दीपक का वेतन रोकने के लिए लिखा गया था। लेकिन, अकाउंट ब्रांच द्वारा जानबूझकर दिसंबर माह की पूरी तनख्वाह जारी कर दी गई।
कोट्स
मामला मेरे संज्ञान में है। नगर कौंसिल की प्रधान बलविंदर कौर के पति गुरु ध्यान सिंह का भी इस मामले को लेकर फोन आया था। मामले में दोनों पक्षों से बात कर निर्णय लिया जाएगा। जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वीरेंद्र जैन, कार्यकारी अधिकारी नगर कौंसिल नयागांव