गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान बलविंदर सिंह टोहड़ा ने बताया कि उन्होंने सोमवार को ऑक्सीजन के 20 सिलिंडर मंगवाए हैं। इसके साथ ही ऑक्सीजन सिलिंडर पर लगाने वाली सात मशीनें भी खरीदने की योजना बनाई गई है। हालांकि सिलिंडर पर लगने वाली महंगी मशीन किसी एनजीओ की ओर से श्री गुरुद्वारा साहिब को मुहैया भी करवाई गई है। यह मशीनें मरीज की जरूरत के हिसाब से साफ करके दी जा रही हैं। इसलिए इसकी सिक्योरिटी एक हजार रुपये रखी गई, ताकि कोई इसका दुरुपयोग कर इसको नुकसान न पहुंचाए। जो जरूरतमंद हैं उनको यह सिक्योरिटी देनी जरूरी नहीं है।
उन्होंने बताया कि इन मशीनों के लिए नए फिल्टर खरीदे जाते हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा मरीज इन मशीनों का इस्तेमाल कर फायदा उठा सकें। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी को भी ऑक्सीजन सिलिंडर या दवा की जरूरत हो तो वह उन्हें 9814739851 पर संपर्क कर सकते हैं।
मोहाली के फेज-1 में स्थित गुरुद्वारा श्री साहिबजादा अजीत सिंह की गुरुद्वारा तालमेल कमेटी के प्रधान जोगिंदर सिंह सोंधी ने बताया कि अभी खाने-पीने के सामान की लंगर की सेवा नहीं दी जा रही है। क्योंकि इससे भीड़ होने की संभावना है। श्री गुरुद्वारा साहिब के अंदर बनी डिस्पेंसरी में कोरोना संक्रमितों के लिए दवाएं और कोरोना टेस्ट करने की सेवा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हमारे यहां चेन्नई की नर्स गीथा पिछले लंबे समय से कोविड मरीजों की सेवा कर रही हैं। वहीं, हमारी डिस्पेंसरी के डॉ. जेएस शशि की ओर से, फोन पर दूर दराज के कोविड मरीजों का इलाज और गंभीर हालत में कैसे ध्यान रखें, इसकी सलाह दी जा रही है। इस गुरुद्वारे की कमेटी की ओर से भी मरीजों को दवा के साथ-साथ ऑक्सीजन सिलिंडर देकर मानव सेवा की जा रही है। डॉ. जेएस शशि ने बताया कि ऑक्सीजन महंगी नहीं है, सिलिंडर महंगा है। हमारे पास चार खाली ऑक्सीजन के सिलिंडर हैं, कोई भी आकर ले सकता है।