खरड़। नारकोटिक्स विभाग और खरड़ सिटी पुलिस की एक संयुक्त कार्रवाई में खरड़ बस स्टैड़ के नजदीक वीरवार को सुबह एक सेंट्रो कार में भारी मात्रा में चरस पकड़ी गई है। इस कार्रवाई में चार तस्करों से गिरफ्तार किया गया है। विभागोें की ओर से अभी चरस की मात्रा की जानकारी नहीं दी गई। हालांकि इस दौरान दोनों टीमों को एक दूसरे की जानकारी न होने के कारण आरोपियों के पकड़े जाने के बाद बहसबाजी तक हुई। इसके बाद पुलिस ने थाने में डीडीआर दर्ज कर पकड़ी गई चरस नारकोटिक्स ब्यूरो के हवाले कर दी है।
जानकारी के मुताबिक तस्कर इस चरस को हिमाचल से दिल्ली ले जा रहे थे। नारकोटिक्स विभाग को सूचना मिली थी कि हिमाचल से एक दिल्ली नंबर की सेंट्रो कार में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। इस पर नारकोटिकस विभाग की टीम ने रोपड़ के पास नाका लगा रखा था। दूसरी ओर खरड़ सिटी पुलिस को भी किसी मुखबिर ने यह खबर दे दी थी कि दिल्ली नंबर की एक कार नशीला पदार्थ लेकर बस स्टैंड खरड़ के पास से गुजरने वाली है। इस सूचना पर सिटी पुलिस के सब इंस्पेक्टर कमल तनेजा, एएसआई प्रेम सिंह और इनकी टीम ने बस स्टैंड के पर कारों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान रोपड़ से आ रही दिल्ली नंबर की सेंट्रो कार को रोक कर जब पुलिस मुलाजिम कार में सवारों से पूछताछ कर रहे थे तो इसी बीच पीछे से एक अन्य वाहन में सादी वर्दी में सवार नारकोटिक्स विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और सेंट्रो कार को अपने कब्जे में लेने लगी। इस मामले को लेकर खरड़ सिटी पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीम में बहसबाजी होने लगी। इस कारण सड़क पर ट्रैफिक जाम लग गया।
इसके बाद सब इंस्पेक्टर कमल तनेजा ने अपने इंचार्ज इंस्पेक्टर दलजीत सिंह गिल को तुरंत मौके पर बुलाया। इंस्पेक्टर कमल तनेजा के पहुंचने के बाद सेंट्रो कार को सवारों समेत खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन ले जाया गया और इनके साथ नारकोटिक्स की टीम भी पहुंची। यहां पर कार की तलाशी ली गई। कार में कई जगह पर गुप्त जगह बनाकर नशे का पदार्थ रखा गया था। जिसे बरामद कर जांच करने पर पाया गया कि यह चरस है। नारकोटिक्स विभाग की टीम ने खरड़ पुलिस को अपना परिचय देने के बाद और पुलिस के वरष्ठि अधिकारियों को जानकारी देने के बाद चरस और चारों तस्करों को नारकोटिक्स विभाग के हवाले कर दिया गया। नारकोटिक्स विभाग चारों तस्करों से पूछताछ कर रहा है।