जीरकपुर। शहर में आए दिन बढ़ रही बिजली कट की समस्या से निजात दिलाने के लिए बलटाना में 66 केवी का ग्रिड लगाया गया है और इस ग्रिड के लगने से शहर के एक लाख उपभोक्ताओं को बिजली कटों की आ रही समस्या से निजात मिलेगी। सोमवार को बलटाना 66 केवी ग्रिड का उद्घाटन पावरकॉम मंत्री ईटीओ हरभजन सिंह ने किया। इस दौरान हलका विधायक डेराबस्सी और पावरकॉम विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। इस ग्रिड से शहर के एक लाख उपभोक्ताओं को बिजली के कटों से निजात मिलेगी और 40 से ज्यादा सोसायटियों को इसका फायदा मिलेगा। इससे पहले पूरे शहर का लोड पभात के 66 केवी और ढकोली के 66 ग्रिड पर था, ओवरलोड होने के कारण शहर में लग रहे बिजली कटों से लोग परेशान हो चुके थे। जिससे अब लोगों को राहत मिलने वाली है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि शहर के इलाकों में बिजली के कट नहीं लगेंगे।
करीब आठ करोड़ की लागत से तैयार हुआ ग्रिड
बिजली विभाग के एक्सईएन ने बताया कि इस ग्रिड को बनाने के लिए 1.4 करोड़ रुपये की लागत से जमीन खरीदी गई और इस ग्रिड को बनाने के लिए 6.62 करोड़ रुपये का खर्च आया है। इस ग्रिड को सप्लाई देने के लिए साढ़े छह किलोमीटर लंबी 66 केवी लाइन खींची गई है। उन्होंने बताया कि इस ग्रिड के लगने से पभात और ढकोली ग्रिड को भी राहत मिलेगी और शहर में लगने वाले कटों से लोगों को छुटकारा मिलेगा।
कोट्स
हमारी सरकार ने वादा किया था कि लोगों के दो महीने के अंदर 600 यूनिट बिजली माफ की जाएगी और यह योजना एक जुलाई से शुरू कर दी गई है। हमने लोगों को 24 घंटे सप्लाई देने का वादा किया है तो इसके चलते सोमवार को 66 केवी ग्रिड लोगों को भेंट किया गया है। अगर शहर में और ज्यादा सप्लाई कि जरूरत पड़ी तो 20 एमपीए का ट्रांसफार्मर इसी ग्रिड में इंस्टाल कर दिया जाएगा। हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा की माग पर दो एसडीओ और चार जेई बढ़ाने कि मांग पर जल्द विचार किया जाएगा। पूरे पंजाब के हर शहर में हर गांव में बिजली कि 24 घंटे सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए हम दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और इसके लिए लोगों का भरपूर साथ भी मिल रहा है।
-हरभजन सिंह ईटीओ, पावरकॉम मंत्री पंजाब।