दो बाइक सवार गोली मारकर फरार, घायल महिला की बेटी ने पति और देवर पर जताया शक
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। रामगढ़ रोड पर दफरपुर गांव की गुरु नानक कॉलोनी में उस समय दहशत फैल गई, जब मोटरसाइकिल सवारों ने घर के बाहर बैठी महिला पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने महिला पर दो गोलियां चलाईं, एक गोली महिला के पेट में लगी और दूसरी गर्दन के पास से निकल गई। घायल महिला को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी मुख्यालय डाॅ. ज्योति यादव आईपीएस, एसपी वैभव चौधरी, स्पेशल सेल और अन्य विभागों की टीम मौके पर पहुंच गई थी। हमला कर भाग रहे मोटरसाइकिल सवार सीसीटीवी में कैद हो गए हैं, लेकिन अभी पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार 61 वर्षीय सरोज पत्नी नसीब सिंह अपने घर के बाहर गली में बैठी थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आए और पीछे से सरोज पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने दो गोलियां चलाईं और भाग गए। घायल हालत में सरोज को पंचकूला के सेक्टर-6 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। जिस वक्त महिला पर हमला हुआ वह घर के बाहर बैठकर चाय पी रही थी। घटना के बाद कॉलोनी में सनसनी फैल गई।
घायल महिला की बेटी किरण ने आरोप लगाया कि उसका अपने पति से कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। वे उसे केस खत्म करने की धमकी देते हैं। वह एक झगड़ालू व्यक्ति भी है। शक है कि उसकी मां पर हुए हमले में उसके पति और देवर शामिल हो सकते हैं। किरण अपनी मां के साथ रह रही हैं। जब उनकी मां पर हमला किया तो वह अपने बेटे को स्कूल से लेने जा रही थीं। किरण के मुताबिक उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, जो उनकी मां पर हमला कर सकता है। एसपी हेड क्वार्टर ज्योति यादव ने बताया कि जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मोबाइल डंप के अलावा अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मौके से गोली के दो खोल बरामद किए हैं।
डेराबस्सी में पहले भी दो बार चल चुकीं गोलियां घटना से पहले भी डेराबस्सी इलाके में दो बार गोलियां चल चुकी हैं। पहली दो घटनाओं में डेराबस्सी के नजदीक एक गांव के विदेश में बैठे युवक का हाथ बताया जा रहा है। पहली घटना रामदासिया मोहल्ले में हुई, जिसमें मोटरसाइकिल सवार एक घर में घुस गए और गोली चलाकर भाग गए। दूसरी घटना में वाल्मीकि बस्ती के पास खड़े बाइक सवार युवकों पर गोलियां चलाकर भाग गए।