लांडरां। सरकार ने लांडरां-तेपला हाईवे पर लॉजिस्टिक पार्क बनाने की अनुमति दी थी। लेकिन वहां बनाए जा रहे गोदाम गांव गुरना खेड़ी, बासमा कॉलोनी और आसपास के गांवों के लिए मुसीबत बन गए हैं। क्योंकि गोदाम प्रबंधकों ने पानी की निकासी वाले नाले बंद कर दिए हैं। इस कारण किसानों की 200 एकड़ फसल पानी में डूब गई है। इसके बावजूद अभी तक हलका विधायक और किसी प्रशासनिक अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जायजा नहीं लिया। इस कारण किसानों में भारी रोष है।
वहीं परेशान किसानों ने आखिर में अपनी फसलों को बचाने के लिए खुद ही खेतों में मोटर पंपों और अन्य साधनों से पानी निकालना शुरू कर दिया है। पीड़ित किसान हैप्पी गुरना, गुरप्रीत सिंह टोनी, सरपंच गुरसेवक सिंह गुरना खेड़ी, दलजीत सिंह, जसवीर सिंह, कुलदीप सिंह, गुरनाम सिंह, गुरध्यान सिंह ने बताया कि फसल और पशुओं का चारा पानी में डूब गया है। किसानों ने कहा कि वह कुछ दिन पहले पटियाला के डीसी और उच्च अधिकारियों को निवेदन कर चुके हैं। लेकिन कोई स्थायी हल नहीं निकाला गया है।